mini metro radio
|
डाकबंगला चौराहे पर उमड़ा सैलाब
पटना। बिहार सहित पूरे प्रदेश में रामनवमी की धूम है। राजधानी में विभिन्न इलाकों से झांकियां निकली। सभी झांकियां पटना के डाकबंगला चौराहे पर पहुंची। जहां विशेष समारोह आयोजित कर सभी शोभायात्राओं का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी झांकियों का स्वागत किया और आरती उतारी। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद , पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन सहित अन्य कई नेता मौजूद थे। इस मौके पर श्रद्धालुओं का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। बतातें चलें कि वर्षों से बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन डाकबंगला चौराहे पर रामनवमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार भी उनकी देखरेख में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों से करीब 45 झांकियों का जत्था डाकबंगला चौराहा पहुंचा। नितिन नवीन ने कहा कि पटना का डाकबंगला चौराहा अब राम चौक के रूप में नजर आ रहा है। पूरा राममय वातावरण है। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संदेश में मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इस पावन पर्व को प्रेम व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।