रोहतास। कुख्यात नक्सली नेता विजय आर्या की गिरफ्तारी रोहतास थाना क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी के जंगल से होने की सूचना है। बताया जाता है कि आइबी की विशेष टीम पटना से आकर उसे गिरफ्तार की है। स्थानीय पुलिस अभी कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। एसपी आशीष भारती ने बताया कि इस संदर्भ में वे जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं।
सोशल एरिया कमेटी का कमांडर माना जाता है विजय आर्य
बता दें कि गया निवासी विजय आर्या माओवादियों के सोशल एरिया कमेटी का कमांडर माना जाता है। उसे इस क्षेत्र में नक्सल आंदोलन को धार देने में भी प्रमुख भूमिका मानी जाती है। विजय आर्या के साथ एक महिला व एक अन्य नक्सली सुदामा पासवान को भी गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है।
नक्सली संगठन को मज़बूत करने में जुटा था आर्य
बताया जाता है कि विजय आर्य नोह्टा क्षेत्र में ही नक्सली संगठन को मजबूत बनाने में जुटा था। पटना आइबी की विशेष टीम यहां से मिले इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर पटना ले गई है।