केवल 7 दिन ही पटना में एयर क़्वालिटी ‘अच्छी’ रही बीते सात महीनों में

पटना, 10 अगस्त, 2021: पटना में क्लीन एयर एक्शन प्लान (स्वच्छ वायु कार्य योजना) को बने दो साल हो चुके हैं, लेकिन अब भी शहर की हवा स्वच्छ और स्वस्थ नहीं हुई। सेंटर फॉर एनवायरमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) द्वारा आज जारी एक रिपोर्ट ‘एम्बियंट एयर क़्वालिटी असेसमेंट’ के अनुसार बीते सात माह (जनवरी से जुलाई) में शहर में वायु की गुणवत्ता सिर्फ 7 दिन ही ‘अच्छी’ श्रेणी में दर्ज की गयी। इस रिपोर्ट का उद्देश्य वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स) पर आधारित वायु प्रदूषण की हालिया स्थिति को सामने लाना और सरकारी एजेंसियों को ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है। अध्ययन के अनुसार पिछले सात महीनों में पटना में हवा की गुणवत्ता कुल दिनों में केवल 3 प्रतिशत दिन ही ‘अच्छी’ रही, जबकि 97 प्रतिशत दिनों में यह सांस लेने के लायक नहीं थी, जिसमें से करीब 66% दिन ‘मध्यम’ और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पाए गए और केवल 31% दिन ‘संतोषजनक’ श्रेणी में देखे गये। रिपोर्ट के निष्कर्ष इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं कि राज्य में दो महीने कोविड महामारी के कारण लॉकडाउन था, जिसकी वजह से सभी व्यावसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियां अस्थायी रूप से बंद थीं।

विश्लेषण के अनुसार बीते सात महीनों में पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 की औसत मासिक सघनता के लिहाज से जनवरी सबसे प्रदूषित महीना रहा और जुलाई सबसे कम प्रदूषित। जनवरी में पीएम 2.5 की औसत सघनता 130 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर थी, जबकि फरवरी और मार्च में यह क्रमश: 114 और 98 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर पायी गयी। अप्रैल और मई माह में औसत सघनता क्रमशः 89 और 39 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर आंकी गयी, वहीँ जून में यह 33 और जुलाई में यह 25 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर दर्ज की गयी।

शहर में वायु गुणवत्ता को बेहतर करने के समाधानों के बारे में सीड में सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर सुश्री अंकिता ज्योति ने कहा कि “वायु प्रदूषण को रोकने के लिए बना क्लीन एयर एक्शन प्लान निश्चय ही एक ठोस कदम है, हालांकि दिशानिर्देशों के अनुसार अब तक पचास प्रतिशत उपायों को लागू कर दिया जाना चाहिए था। आंकड़े बताते हैं कि पिछले पांच वर्षों में वायु प्रदूषण में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, ऐसे में संबंधित सरकारी विभागों और एजेंसियों की तरफ से दीर्घकालिक समाधान के कई कदम उठाये जाने चाहिए जैसे – वायु गुणवत्ता लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रभावी जवाबदेही तंत्र सुनिश्चित करना, उठाये गये कदमों को ट्रैक करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रोत्साहित करना, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में प्रस्तुत योजना की त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट को सार्वजनिक करना और मॉनिटरिंग कमिटी में सिविल सोसाइटी संगठनों के प्रतिनिधित्व में वृद्धि के साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम को नए सिरे से बढ़ावा देना आदि।”

रिपोर्ट में पिछले सात महीनों के पीएम 2.5 की सघनता का तुलनात्मक विश्लेषण पिछले वर्ष 2020 के शुरुआती सात महीने (जनवरी-जुलाई) के साथ भी किया गया, जो बताता है कि पीएम 2.5 इस वर्ष फरवरी में 25% अधिक, मार्च में 31% और अप्रैल में 50% अधिक था। पिछले वर्ष की तुलना में मई में पीएम 2.5 की औसत मासिक सघनता 15%, जबकि जून में 27% और जुलाई में 5 प्रतिशत अधिक देखी गई है। इसके अलावा उन सभी छह स्थानों पर जहां वायु गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है, उनमें इंदिरा गाँधी प्लेनेटोरियम के आसपास सबसे खराब वायु गुणवत्ता देखी गयी और इसके बाद दानापुर और राजवंशी नगर क्षेत्र में कमोबेश यही स्थिति रही। गुणवत्ता की निगरानी वाले सभी छह जगहों में समनपुरा क्षेत्र को सबसे कम प्रदूषित पाया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले 5 वर्षों के आंकड़ों का निष्कर्ष है कि पटना में 2016 से वायु प्रदूषण की स्थिति बढ़ती जा रही है और यह गंभीर स्थिति का सूचक है, क्योंकि लोग खराब हवा में सांस लेने को विवश हैं। मिसाल के तौर पर, 2016 में पीएम 10 की वार्षिक सघनता राष्ट्रीय मानक से कम से कम 3.5 गुना थी, और 2018 में 3.4 गुना और 2019 में 3.9 गुना। हालांकि 2017 में प्रदूषण का स्तर थोड़ा कम हुआ, लेकिन फिर भी यह राष्ट्रीय मानक से 2.6 गुना अधिक था।

सीड ने अप्रैल 2016 से उत्तर भारत के शहरों के लिए पहला एयर क़्वालिटी बुलेटिन जारी किया था और नवीनतम बुलेटिन इसी श्रृंखला का एक हिस्सा है, ताकि वायु प्रदूषण के समाधान के दृष्टिकोण के अनुरूप सार्वजनिक क्षेत्र में इस पर व्यापक चर्चा हो। सीड शहर में सांस लेने योग्य हवा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकारी विभागों एवं एजेंसियों को हर संभव मदद करने को तैयार है, ताकि ठोस समाधान वास्तविक धरातल पर उतरे और शहर की आबोहवा स्वस्थ और स्वच्छ हो सके।

By Shubhendu Prakash

Shubhendu Prakash – Hindi Journalist, Author & Founder of Aware News 24 | Bihar News & Analysis Shubhendu Prakash एक प्रतिष्ठित हिंदी पत्रकार, लेखक और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जो Aware News 24 नामक समाधान-मुखी (Solution-Oriented) न्यूज़ पोर्टल के संस्थापक और संचालक हैं। बिहार क्षेत्र में स्थानीय पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक विश्लेषण के लिए उनका नाम विशेष रूप से जाना जाता है। Who is Shubhendu Prakash? शुभेंदु प्रकाश 2009 से सक्रिय पत्रकार हैं और बिहार के राजनीतिक, सामाजिक और तकनीकी विषयों पर गहन रिपोर्टिंग व विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं। वे “Shubhendu ke Comments” नाम से प्रकाशित अपनी विश्लेषणात्मक टिप्पणियों के लिए भी लोकप्रिय हैं। Founder of Aware News 24 उन्होंने Aware News 24 को एक ऐसे प्लेटफ़ॉर्म के रूप में विकसित किया है जो स्थानीय मुद्दों, जनता की समस्याओं और समाधान-आधारित पत्रकारिता को प्राथमिकता देता है। इस पोर्टल के माध्यम से वे बिहार की राजनीति, समाज, प्रशासन, टेक्नोलॉजी और डिजिटल विकास से जुड़े मुद्दों को सरल और तार्किक रूप में प्रस्तुत करते हैं। Editor – Maati Ki Pukar Magazine वे हिंदी मासिक पत्रिका माटी की पुकार के न्यूज़ एडिटर भी हैं, जिसमें ग्रामीण भारत, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक और उद्देश्यपूर्ण पत्रकारिता की जाती है। Professional Background 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में कार्य 2012 से सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं में अनुभव 2020 के बाद पूर्णकालिक डिजिटल पत्रकारिता पर फोकस Key Expertise & Coverage Areas बिहार राजनीति (Bihar Politics) सामाजिक मुद्दे (Social Issues) लोकल जर्नलिज़्म (Local Journalism) टेक्नोलॉजी और डिजिटल मीडिया पब्लिक इंटरेस्ट जर्नलिज़्म Digital Presence शुभेंदु इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर सक्रिय हैं, जहाँ वे Aware News 24 की ग्राउंड रिपोर्टिंग, राजनीतिक विश्लेषण और जागरूकता-उन्मुख पत्रकारिता साझा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *